नशे में कार चलाना पड़ा भारी, काठगोदाम पुलिस ने चालक गिरफ्तार कर वाहन किया सीज
‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार जारी है कार्रवाई
नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वाले चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।अभियान के अंतर्गत 30 जुलाई 2026 को कोतवाली काठगोदाम पुलिस ने मल्ला काठगोदाम क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।इस दौरान पुलिस ने UP 70 FT 6415 नंबर की वैगनआर कार को रोककर जांच की।चालक चंदन कुमार, पुत्र दिवाकर झा, निवासी इंदिरापुरम, गाजियाबाद, अत्यधिक नशे की हालत में वाहन चलाता मिला।पुलिस के अनुसार चालक सार्वजनिक मार्ग पर शराब के नशे में वाहन चलाकर आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रहा था। इस पर पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185/207 के तहत कार्रवाई करते हुए कार को सीज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।इस कार्रवाई में चौकी मल्ला काठगोदाम प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीप कुमार एवं कांस्टेबल करतार सिंह शामिल रहे।नैनीताल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही स्वयं के साथ-साथ दूसरों की जान भी जोखिम में डाल सकती है।यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा करें।

