फलदार पेड़ों के अवैध कटान पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई
छापेमारी में दो ट्रैक्टर, ट्रॉली और कटर जब्त, आरोपी मौके से फरार
बिलासपुर। स्वालेपुर गांव में फलदार आम के पेड़ों के अवैध कटान और उनका बुरादा बनाए जाने की सूचना पर वन विभाग की टीम ने देर रात छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) आलोक शर्मा के नेतृत्व में पहुंची टीम को देखकर मौके पर मौजूद लोग हड़बड़ा गए और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
छापेमारी के दौरान वन विभाग ने मौके से दो ट्रैक्टर, बुरादा से लदी एक ट्रॉली तथा लकड़ी काटने में इस्तेमाल होने वाले कटर सहित अन्य उपकरण बरामद कर अपने कब्जे में ले लिए। सभी वाहनों और उपकरणों को वन चौकी लाकर सीज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान बाग में बड़ी संख्या में कटे हुए आम के पेड़ भी मिले, जिससे अवैध कटान की पुष्टि हुई।वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि नियमानुसार कटी हुई लकड़ी बाग स्वामी की सुपुर्दगी में दे दी गई है, जबकि जब्त किए गए वाहन और उपकरणों को सीज कर दिया गया है।मामले की रिपोर्ट तैयार की जा रही है और संबंधित प्रावधानों के तहत विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।उन्होंने कहा कि वन विभाग अवैध लकड़ी कटान को लेकर पूरी तरह सतर्क है और ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।उन्होंने चेतावनी दी कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कटान करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

