वन महोत्सव के पहले दिन बिलासपुर में रुद्राक्ष का पौधा भेंट, ‘एक पौधा मां के नाम’ का दिया संदेश
राज्यमंत्री औलख ने किया पौधरोपण अभियान में जनभागीदारी का आह्वान
बिलासपुर।वन महोत्सव के प्रथम दिवस बुधवार को पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख को उनके कैम्प कार्यालय पर वन क्षेत्राधिकारी आलोक शर्मा के नेतृत्व में पहुंची वन विभाग की टीम ने रुद्राक्ष का पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया।कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वर्षाकाल में अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।साथ ही सभी से मुख्यमंत्री के आह्वान के अनुरूप “एक पौधा मां के नाम” अभियान के तहत कम से कम एक पौधा अपनी मां के सम्मान में रोपित करने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का अनुरोध किया।वन क्षेत्राधिकारी आलोक शर्मा ने कहा कि पौधरोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से पौधों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देने की अपील की।कार्यक्रम में वन विभाग के कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सभी ने पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

