मुख्यमंत्री योगी से मिले भाजपा नेता भारत भूषण गुप्ता, रामपुर के मुद्दों पर हुई चर्चा
भ्रष्टाचार की जांच, 2027 विधानसभा चुनाव और धमोरा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का मॉडल किया भेंट
रामपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता भारत भूषण गुप्ता ने रविवार शाम लखनऊ स्थित 5, कालिदास मार्ग पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की।मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने रामपुर के राजनीतिक और सामाजिक हालातों के साथ आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।गुप्ता ने मुख्यमंत्री के समक्ष विभिन्न विभागों में कथित रूप से व्याप्त भ्रष्टाचार, कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली तथा नगर पालिका में करोड़ों रुपये के कथित घोटालों का मुद्दा उठाया।इस पर मुख्यमंत्री ने निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। साथ ही भाजपा के साफ-सुथरी छवि वाले एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान और समायोजन दिए जाने पर भी चर्चा हुई।भेंट के दौरान भारत भूषण गुप्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को रामपुर जनपद के मिलक ब्लॉक की ग्राम पंचायत धमोरा में प्रधान गौतम गुप्ता के नेतृत्व में निर्मित उत्तर प्रदेश की पहली ग्राम पंचायत आधारित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का मॉडल एवं स्मृति एलबम भेंट किया। इस अवसर पर उनके भतीजे गौतम गुप्ता और ज्येष्ठ भतीजे राम गुप्ता भी मौजूद रहे। मुलाकात को संगठनात्मक और क्षेत्रीय विकास के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

