तीनपानी बाईपास पर बढ़ेंगी सुरक्षा व्यवस्थाएं, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
रॉन्ग साइड, ओवरस्पीडिंग पर होगी कड़ी कार्रवाई, सड़क सुरक्षा पखवाड़े में हेलमेट भी बांटे
हल्द्वानी।जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।उन्होंने तीनपानी बाईपास पर लगातार हो रहे हादसों को गंभीरता से लेते हुए एनएच और एनएचएआई अधिकारियों को सेंसर युक्त एलईडी स्ट्रीट लाइट, रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड, सीसीटीवी कैमरे तथा रम्बल स्ट्रिप की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही पीक आवर्स में पुलिस और परिवहन विभाग की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान, लाइसेंस निलंबन, वाहन सीज करने तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 के तहत सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लैक स्पॉट, क्रैश बैरियर, चेतावनी बोर्ड, पैराफिट और स्पीड कंट्रोल उपायों को जल्द पूरा करने पर जोर दिया।खनन वाहनों से क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत के लिए खनिज न्याय निधि से 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।बैठक में डीएम ने प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना राहत योजना की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना पीड़ितों को सात दिन तक 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है।सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत उन्होंने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को हेलमेट वितरित कर यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की।

