सामूहिकता, सादगी और सामाजिक समरसता का प्रतीक है मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह: आकाश
जिले में 1853 जोड़े विवाह बंधन में बंधे, नगर विधानसभा क्षेत्र के 747 जोड़े रहे शामिल
रामपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले के 1853 जोड़े विवाह के बंधन में बंध गए। जिनमें 747 सिर्फ नगर विधानसभा क्षेत्र के शामिल रहे। इस दौरान शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सामरोह सामूहिकता, सादगी और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों के कुशल जीवन यापन की कामना की।
मंगलवार को फिजिकल कालेज के मैदान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, शहर विधायक आकाश सक्सेना, स्वार-टांडा विधायक शफीक अंसारी, एमएलसी महाराज सिंह, जिलाधिकारी जोगेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने विवाह समारोह की शुरूआत की। इसके बाद पंडाल में जिले के 1853 जोड़े अपने-अपने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह बंधन में बंध गए। जिनमें 747 जोड़े नगर विधानसभा क्षेत्र के थे। इस मौके पर शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि पहले दहेज जैसी कुप्रथा के चलते बेटियों के जन्म पर मातम होता था। क्योंकि, समझा जाता था कि बेटी की शादी के लिए दहेज कहां से लाया जाएगा। लिहाजा, उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना शुरू की। जिसमें सभी इंतजाम सरकार की ओर से किए जाते हैं। बेटियों को गृहस्थी के लिए जरूरी सामान, कपड़े, पायल आदि उपहार स्वरूप दिए जाते हैं। इसके साथ ही कुछ धनराशि भी बेटियों के खातों में भेजी जाती है। कहा कि यह सामूहिक विवाह समारोह इसलिए भी ऐतिहासिक है, क्योंकि इसके माध्यम से समाज में सादगी, समरसता और एकता का संदेश प्रसारित होता है। एक ही स्थान पर निकाह पढ़ाया जाता है, तो वहीं वेद मंत्रों का उच्चारण भी सुनने को मिलता है। उन्होंने सभी से मिलजुलकर रहने की अपील की।

