एसएसपी ने किया नवनिर्मित बनभूलपुरा थाने का निरीक्षण
समयबद्ध तरीके से सभी सुविधाएं पूरी करने के दिए निर्देश
हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मंगलवार को नवनिर्मित थाना बनभूलपुरा का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना भवन की निर्माण गुणवत्ता, विभिन्न कार्यालय कक्ष, सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेख कक्ष, आगंतुक कक्ष, बैरक, मालखाना, शस्त्रागार, सुलभ प्रसाधन सहित अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
एसएसपी ने संबंधित कार्यदायी संस्था और अधिकारियों को निर्देश दिए कि थाना परिसर में उपलब्ध कराई जाने वाली सभी सुविधाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि आमजन को बेहतर, आधुनिक और प्रभावी पुलिस सेवाएं मिल सकें।उन्होंने कहा कि आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित थाना भवन पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, सहायक अभियंता जयांक पांडे, वरिष्ठ उपनिरीक्षक गगनदीप सिंह, भवन लिपिक दीपा मिराल सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं कर्मचारी मौजूद रहे।एसएसपी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और सभी व्यवस्थाओं को शीघ्र पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।

