बेतालघाट में जन कल्याणकारी शिविर, 41 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
विधायक सरिता आर्य ने किया शुभारंभ, 260 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ, 14 वर्षीय बालिका को लगा HPV टीका
बेतालघाट/नैनीताल।उत्तराखंड सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के तहत मंगलवार को विकासखंड बेतालघाट के राजकीय इंटर कॉलेज लोहाली में विशाल जन कल्याणकारी एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।शिविर का शुभारंभ नैनीताल विधायक सरिता आर्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ उसके घर के निकट ही पहुंचे, इसी उद्देश्य से ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
शिविर में पेयजल, सड़क, सिंचाई, विद्युत, स्वास्थ्य, राजस्व और सीसी मार्ग सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 41 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।विधायक ने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर लाभ भी उपलब्ध कराया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने तीन महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की। स्वास्थ्य विभाग ने 100 से अधिक लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर दवाइयां वितरित कीं तथा 14 वर्षीय बालिका को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए HPV टीका लगाया। इस दौरान लोगों को टीकाकरण के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया। शिविर के माध्यम से करीब 260 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिला।कृषि विभाग ने पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, कृषि यंत्रीकरण और किसान रजिस्ट्री की जानकारी दी, जबकि उद्यान विभाग ने फल पौध, सब्जी बीज और मृदा परीक्षण संबंधी योजनाओं से अवगत कराया। समाज कल्याण विभाग ने पेंशन और छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी तथा खेल विभाग ने मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के लिए युवाओं को पंजीकरण प्रक्रिया समझाई।शिविर में जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत, पुराने बिजली पोल बदलने, सोलर लाइट लगाने, विद्यालय भवन की छत की मरम्मत, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार तथा गुलदार और बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई।विधायक सरिता आर्य ने वन विभाग को आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र पिंजरे लगाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के सांस्कृतिक दल ने लोकगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया।शिविर में ब्लॉक प्रमुख अंकित शाह, एसडीएम अनुराग आर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

