वल्दियाखान में सड़क पर गिरा चीड़ का पेड़, हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग हुआ बाधित
नैनीताल।हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर रविवार दोपहर वल्दियाखान के पास अचानक चीड़ का एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर जाने से यातायात बाधित हो गया।संयोगवश उसी दौरान मार्ग से गुजर रहे कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने स्थिति का तुरंत संज्ञान लेते हुए जिला आपदा प्रबंधन, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके से ही फोन कर पेड़ हटाने तथा यातायात शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए।मार्ग अवरुद्ध होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।आयुक्त ने मौके पर मौजूद यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि जल्द ही पेड़ हटाकर आवागमन सामान्य कर दिया जाएगा।इस दौरान कुछ बाइक और दोपहिया वाहन चालक पेड़ के किनारे और नीचे से जबरन निकलने का प्रयास कर रहे थे।दीपक रावत ने उन्हें रोकते हुए कहा कि ऐसी जल्दबाजी जानलेवा साबित हो सकती है।उन्होंने सभी लोगों से सुरक्षा को प्राथमिकता देने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से पेड़ हटाने का कार्य शुरू कराया गया।राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति के घायल होने या अन्य प्रकार की कोई क्षति होने की सूचना नहीं है।

