नरपत नगर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 80 तोते बरामद; तीन तस्करों पर मुकदमा दर्ज।
स्वार कोतवाली क्षेत्र का मामला, छापेमारी के दौरान तस्कर हुए फरार।
वन क्षेत्राधिकारी ठाकुर विजय सिंह के नेतृत्व में टीम ने की कार्रवाई, आरोपियों की तलाश जारी।
स्वार।
स्वार कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत नरपत नगर दुन्दावाला में वन विभाग की टीम ने दुर्लभ पक्षियों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में टीम ने लगभग 80 तोतों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। हालांकि, कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मौके से भागने में सफल रहे।क्षेत्रीय वन अधिकारी (रेंजर) ठाकुर विजय सिंह को सूचना मिली थी कि नरपत नगर दुन्दावाला क्षेत्र में कुछ तस्कर अवैध रूप से तोतों को बेचने के लिए ले जा रहे हैं। मामला संज्ञान में आते ही रेंजर ठाकुर विजय सिंह ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया और संबंधित स्थान पर दबिश दी। मौके से भारी संख्या में बरामद तोतों को वन विभाग ने अपनी कस्टडी में ले लिया है।मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए वन विभाग की ओर से स्वार कोतवाली में नामजद तहरीर दी गई है। पुलिस ने आरोपी सद्दाम पुत्र सुलेमान, अरबाज पुत्र सुलेमान और दूल्ला पुत्र ईदु निवासी नरपत नगर के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।इस सफल छापेमारी अभियान में क्षेत्रीय वन अधिकारी ठाकुर विजय सिंह के साथ वन दरोगा प्रिंस कुमार, वन दरोगा नरेश कुमार, वनरक्षक कपिल कुमार, वनरक्षक प्रदीप कुमार, ईशानी राठी, पुष्पेंद्र, परमानंद, शुभम, कृष्णा, हेमंत और भूरा सहित वन विभाग की पूरी टीम मुस्तैद रही।

