नशे के कारोबार पर शहजादनगर पुलिस का बड़ा प्रहार, 869 शीशियों के साथ तीन तस्कर दबोचे
रामपुर। युवाओं की जिंदगी को धीरे-धीरे खोखला कर रहे प्रतिबंधित नशीले सिरप के कारोबार पर थाना शहजादनगर पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ा शिकंजा कसते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 100-100 एमएल की कुल 869 शीशियां कोडीन युक्त प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की बरामद की हैं, जिनकी अवैध रूप से बिक्री और भंडारण किया जा रहा था। साथ ही दो एप्पल मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, थाना शहजादनगर पुलिस और औषधि निरीक्षक रामपुर की संयुक्त टीम क्षेत्र में अवैध दवाइयों के कारोबार पर नजर रखते हुए चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में फरमान पुत्र मुम्तियाज और अजहर खान पुत्र जमीर अहमद, निवासी ग्राम रवाना थाना सैफनी, तथा वशीम अहमद पुत्र बच्छन, निवासी मोहल्ला नरूल्ला, भुर्जी वाली गली, थाना कुन्दरकी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 869 शीशियां बरामद कीं, जिनमें 340 शीशी डाईलेक्स डीसी, 245 शीशी बैरिकोफ, 296 शीशी बेसकोड नशे का सिरप शामिल हैं। ये सभी कोडीन युक्त दवाइयां हैं, जिनका गलत इस्तेमाल नशे के रूप में किया जाता है। इसके अलावा आरोपियों के पास से दो महंगे मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच के जरिए इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रतिबंधित नशीले सिरप की अवैध सप्लाई कर मोटा मुनाफा कमाने में लगे थे। यह ऐसा जहर है जो युवाओं को धीरे-धीरे नशे की गिरफ्त में धकेलकर उनकी जिंदगी तबाह कर देता है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और किन-किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जानी थी।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना शहजादनगर में मु0अ0सं0 111/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस एवं 8/21 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

