नवागत रेंजर आलोक शर्मा ने संभाला कार्यभार, पर्यावरण संरक्षण में सहयोग की अपील
बिलासपुर।आरक्षित डडिया वन चौकी पर हरदोई से स्थानांतरित होकर आए नवागत वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) आलोक शर्मा ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है।कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने क्षेत्रीय जनता से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने और वृक्षों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में रेंजर आलोक शर्मा ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।वृक्ष हमें शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल करने का आह्वान किया।उन्होंने बताया कि जंगलों में अवैध कटान रोकना विभाग की प्राथमिकता है।इसके लिए विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने तथा प्रभावी निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।पूर्व में किसानों द्वारा वन विभाग के कुछ अधिकारियों की संदिग्ध भूमिका को लेकर लगाए गए अवैध कटान के आरोपों पर उन्होंने कहा कि कार्यभार संभालने के बाद से वह लगातार विभागीय कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं और क्षेत्र का भ्रमण भी कर रहे हैं।रेंजर ने स्पष्ट किया कि यदि किसी मामले में जांच के दौरान विभागीय कर्मियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से भी वन संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।

