बिलासपुर में सरिया-सीमेंट व्यापारी की दुकान में लाखों की चोरी
लोहे की ग्रील तोड़कर घुसे चोर, करीब दो लाख की नकदी और चांदी के सिक्के ले उड़े; पुलिस व फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
बिलासपुर। नगर में चोरों ने एक सरिया-सीमेंट व्यापारी की दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान की लोहे की ग्रील तोड़कर अंदर घुसे और करीब डेढ़ से दो लाख रुपये की नकदी सहित लगभग पचास हजार रुपये मूल्य के चांदी के सिक्के चोरी कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला साहूकारा निवासी मयंक अग्रवाल उर्फ मनी रामपुर रोड स्थित आव्या आयरन एंड सीमेंट स्टोर के नाम से सरिया-सीमेंट का कारोबार करते हैं। बुधवार रात वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। गुरुवार सुबह जब कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर लगी लोहे की ग्रील टूटी हुई देखकर उनके होश उड़ गए। कर्मचारियों ने तत्काल व्यापारी को सूचना दी, जिसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।सूचना मिलते ही उप निरीक्षक केशु शर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौका-मुआयना कर व्यापारी से चोरी गए सामान की जानकारी ली।कुछ देर बाद मुख्यालय से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एवं नमूने एकत्र किए।पीड़ित व्यापारी के अनुसार, दुकान के गल्ले में रखी करीब डेढ़ से दो लाख रुपये की नकदी तथा लगभग पचास हजार रुपये कीमत के चांदी के सिक्के चोरी हो गए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

