कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की
टीबी उन्मूलन, हाई-रिस्क गर्भवतियों की निगरानी और डेंगू रोकथाम पर दिए सख्त निर्देश
नैनीताल। कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने सोमवार को नैनीताल स्थित आयुक्त कार्यालय सभागार में स्वास्थ्य विभाग की मंडलीय समीक्षा बैठक कर कुमाऊँ मंडल के सभी जिलों की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। अस्पतालों में चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता, दवाओं की निर्बाध आपूर्ति, चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता और आपातकालीन सेवाओं को प्रभावी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।बैठक में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, आयुष्मान भारत योजना और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा की गई।आयुक्त ने वर्षाकाल को देखते हुए हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी तथा आशा और एएनएम के माध्यम से समय पर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।साथ ही डेंगू और अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए फॉगिंग, लार्वा नियंत्रण और जनजागरूकता अभियान तेज करने को कहा।बैठक में सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण को लेकर फैल रही अफवाहों पर चिंता जताते हुए आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और विशेषज्ञों की देखरेख में लगाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से केवल अधिकृत सरकारी स्रोतों से प्राप्त स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की।

