नैनीताल में होम स्टे व गेस्ट हाउसों पर प्रशासन की सख्ती
तीन इकाइयों पर 30 हजार रुपये का जुर्माना
नैनीताल।जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने नैनीताल नगर क्षेत्र में संचालित होम स्टे एवं गेस्ट हाउसों का सघन निरीक्षण किया। अभियान के दौरान कुल छह इकाइयों का सत्यापन किया गया, जिसमें नियमों के उल्लंघन पर एक इकाई को नोटिस जारी किया गया, जबकि तीन इकाइयों पर प्रति इकाई 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।निरीक्षण के दौरान इन्जा गेस्ट हाउस में नियमावली के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया। वहीं जी.पी. गेस्ट हाउस, लेक थैरेपी होम स्टे और सूर्या हॉलिडे होम पर कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। दूसरी ओर ग्वान होम स्टे और एल्फिन गेस्ट हाउस सभी निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित पाए गए।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद में संचालित सभी होम स्टे और गेस्ट हाउसों का नियमित रूप से भौतिक निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यटन विभाग की नियमावली का उल्लंघन करने वाली किसी भी इकाई के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य पर्यटन सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखना और पर्यटकों को सुरक्षित एवं मानक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

