रक्तदान से जीवनदान का संदेश, जिला अस्पताल में समर्पण एक प्रयास का सराहनीय आयोजन
रामपुर। इंसानियत और सेवा भाव की मिसाल पेश करते हुए संस्था समर्पण एक प्रयास द्वारा जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। प्रातः 11 बजे शुरू हुए इस पुनीत कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) बृजेश चंद्र सक्सेना द्वारा फीता काटकर किया गया। शिविर के उद्घाटन के साथ ही अस्पताल परिसर में सेवा, समर्पण और मानवता का माहौल बन गया।
इस रक्तदान शिविर में कुल 18 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक सहयोग प्रदान किया। रक्तदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और सभी ने इसे मानव सेवा का सर्वोत्तम कार्य बताया। शिविर के दौरान चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम पूरी तरह मुस्तैद रही, जिससे रक्तदान की प्रक्रिया सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।
संस्था के अध्यक्ष सुमित अग्रवाल ने रक्तदान करने वाले सभी दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान न केवल दूसरों की जान बचाता है, बल्कि इससे शरीर में नया रक्त भी बनता है, जो स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है। हमें समय-समय पर रक्तदान करते रहना चाहिए ताकि जरूरत के समय किसी की जिंदगी बचाई जा सके।
वहीं सुरभि रस्तोगी ने रक्तदान को “महादान” बताते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर साबित हो सकती है। रक्तदान करने से किसी की भी जिंदगी बचाई जा सकती है, इसलिए हर सक्षम व्यक्ति को आगे आना चाहिए।
इस अवसर पर संस्था समर्पण एक प्रयास के सदस्यों और अस्पताल स्टाफ की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही। शिविर ने न केवल रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों के लिए राहत का काम किया, बल्कि समाज को यह संदेश भी दिया कि थोड़ी सी जागरूकता और इच्छाशक्ति से बड़ी सेवा की जा सकती है। संस्था ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया। इस मौके पर संजय अग्रवाल, नवदीप रस्तोगी, रोहित अग्रवाल, हिमांशु अग्रवाल, चन्दन रस्तोगी, विपुल ठाकुर, गौरव जैन एस एस गुप्ता दि मौजूद रहे।






































