लखनऊ अग्निकांड के बाद बिलासपुर में प्रशासन अलर्ट, कोचिंग सेंटरों पर ताबड़तोड़ निरीक्षण
पालिका, पुलिस व अग्निशमन की संयुक्त टीम ने सात संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्थाएं परखी
बिलासपुर।राजधानी लखनऊ में कोचिंग सेंटर में हुए अग्निकांड के बाद शासन के निर्देश पर क्षेत्र में भी स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शनिवार को नगरपालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी डॉ. नितिन कुमार गंगवार के नेतृत्व में पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने नगर के विभिन्न कोचिंग सेंटरों, कंप्यूटर संस्थानों एवं आईलेट्स सेंटरों पर व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया।टीम ने नगर में संचालित करीब सात संस्थानों का औचक निरीक्षण किया, जिससे संचालकों में हड़कंप मच गया।निरीक्षण के दौरान टीम ने विद्युत सुरक्षा, प्रवेश एवं निकास द्वार, फर्नीचर की व्यवस्था, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकासी सहित लगभग आठ प्रमुख सुरक्षा बिंदुओं का गहनता से परीक्षण किया और प्रत्येक संस्थान की रिपोर्ट तैयार की।अधिशासी अधिकारी डॉ. गंगवार ने बताया कि तैयार की जा रही जांच आख्या उपजिलाधिकारी को भेजी जाएगी।उन्होंने कहा कि लखनऊ की घटना से सबक लेते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी ऐसे निरीक्षण जारी रहेंगे। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह,अग्निशमन अधिकारी, कस्बा चौकी प्रभारी योगेश कुमार, कमल सक्सेना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

