जिला महिला चिकित्सालय में नवजातों की माताओं को मिला ग्रीन गोल्ड सर्टिफिकेट और पौधा
वन विभाग ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, माताओं को पौधरोपण के लिए किया प्रेरित
रामपुर। जिला महिला चिकित्सालय में शनिवार को वन विभाग की ओर से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत नवजात शिशुओं की माताओं को ग्रीन गोल्ड सर्टिफिकेट प्रदान किया गया तथा प्रत्येक माता को एक-एक पौधा भेंट कर उसे रोपित करने और उसकी देखभाल का संकल्प दिलाया गया।कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्रीय वन अधिकारी शिव शंकर यादव के निर्देशन में किया गया। अधिकारियों ने कहा कि एक नवजात के जन्म के साथ यदि एक पौधा भी लगाया जाए और उसका संरक्षण किया जाए, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने माताओं से पौधों को अपने बच्चों की तरह सहेजने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।इस अवसर पर उप क्षेत्रीय वन अधिकारी धर्मेन्द्र कोली, वन दरोगा विनीत आर्या, जयप्रकाश गिरी सहित अन्य वन कर्मी मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान माताओं ने पौधे प्राप्त कर प्रसन्नता व्यक्त की और पर्यावरण संरक्षण की इस पहल की सराहना की।वन विभाग ने भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की बात कही।

