हरियाणा नम्बरदार एसोसिएशन के कई पदाधिकारी कांग्रेस में हुए शामिल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पटका पहनाकर किया स्वागत
कैथल (कृष्ण प्रजापति): हरियाणा नम्बरदार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष नफे सिंह साकरा सहित अनेक पदाधिकारी व भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए, इनमें हरियाणा नम्बरदार निगरानी कमेटी के अध्यक्ष और भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, फतेहपुर-पुंडरी व्यापार मंडल के प्रधान, तहसील पूंडरी के प्रधान रामपाल सिंह लाकड़ा, हरियाणा नम्बरदार एसोसिएशन के जिला प्रधान नफे सिंह साकरा, प्रदेश सचिव बलवान सिंह संगरौली, जितेंद्र सिंह टाया साकरा और उदय राम आहूँ शामिल हैं। इन नेताओं का कांग्रेस पार्टी में स्वागत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पटका डालकर पार्टी में शामिल किया। इस अवसर पर शामिल होने वाले सदस्यों का सम्मान किया गया और उन्हें बधाई दी गई। इस दौरान हरियाणा नम्बरदार एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष चौ. जिले सिंह, भिवानी जिला प्रधान धर्मबीर सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के भाई कुलदीप सिंह नम्बरदार विशेष रूप से उपस्थित रहे। कैथल जिलाध्यक्ष नफे सिंह साकरा ने कहा कि भाजपा ने नम्बरदारों को केवल रैलियों में भीड़ जोड़ने के लिए इस्तेमाल किया और उनके लिए की गई घोषणाओं को लागू नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा में नम्बरदारों को उचित मान सम्मान नहीं दिया इसलिए वे सब अब पार्टी में शामिल होकर कांग्रेस की ताकत को और बढ़ाएंगे। रामपाल सिंह लाकड़ा ने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस पार्टी को मजबूती मिलेगी।