महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार कर रही प्रयासः दीया कुमारी
जयपुर (कासं.)। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने शुक्रवार को लघु उद्योग भारती महिला संगठन, जयपुर की ओर से आयोजित स्वयंसिद्धा हस्तशिल्प प्रदर्शनी-2024 का जवाहर कला केंद्र के शिल्पग्राम में उद्घाटन किया। यह प्रदर्शनी 4 से 6 अक्टूबर तक आयोजित होगी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य की सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने लघु उद्योग भारती की इस पहल की सराहना की, जो महिला हस्तशिल्पियों को मंच प्रदान कर रही है। साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होम स्टे जैसे नवाचारों की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रदर्शनी में विभिन्न प्रकार के घरेलू उपयोग और सजावटी वस्तुओं का प्रदर्शन किया गया, जिन्हें महिलाओं की ओर से तैयार किया गया है
दिया कुमारी ने स्टॉल्स का दौरा कर उत्पादों की सराहना की और महिला शिल्पकारों का उत्साहवर्धन किया। लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा ने हस्तशिल्प उत्पादों की कलात्मकता की सराहना की और जनता से इन्हें खरीदकर प्रोत्साहन देने की अपील की। महिला संगठन की प्रदेश उपाध्यक्ष अंजू सिंह ने बताया कि प्रदर्शनी में 6 राज्यों के कुटीर उद्योग और महिला शिल्पकारों के 85 स्टॉल लगाए गए हैं। कार्यक्रम में घनश्याम ओझा, ओम प्रकाश गुप्ता, गौरव जोशी सहित अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे।