37 वर्षों की सेवा के बाद वन उप निरीक्षक दिनेश चंद्र जोशी को भावभीनी विदाई
डीएफओ प्रणब जैन बोले— ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता से निभाई जिम्मेदारी
बिलासपुर। आरक्षित डडिया वन में तैनात वन उप निरीक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए दिनेश चंद्र जोशी को गुरुवार शाम विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई दी। सामाजिक वानिकी प्रभाग, बिलासपुर रेंज के तत्वावधान में बेगमाबाद गांव स्थित एक पैलेस में आयोजित सम्मान समारोह में अधिकारियों ने उनके 37 वर्षों के सेवाकाल की सराहना करते हुए उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीएफओ प्रणब जैन ने कहा कि दिनेश चंद्र जोशी ने अपने लंबे सेवाकाल में पूरी ईमानदारी, निष्ठा और मेहनत के साथ विभागीय दायित्वों का निर्वहन किया।उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मठ अधिकारी विभाग के लिए प्रेरणा होते हैं और उनकी कार्यशैली आने वाली पीढ़ी के कर्मचारियों के लिए उदाहरण बनी रहेगी।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त वन उप निरीक्षक दिनेश चंद्र जोशी ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान साथियों के सहयोग और यादगार अनुभवों को साझा करते हुए भावुक होकर कहा कि विभाग के साथ बिताया गया समय हमेशा उनकी स्मृतियों में रहेगा। कार्यक्रम के अंत में उन्हें स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।इस मौकें पर वन क्षेत्राधिकारी आलोक शर्मा,मिलक रेंजर संतोष कुमार,अमित कुमार,एसडीओ ओमप्रकाश,कमल किशोर शर्मा,शील कुमार आदि मौजूद रहे।

