हल्द्वानी तहसील का डीएम ने किया औचक निरीक्षण
एक वर्ष से लंबित सीमांकन मामलों पर जताई नाराजगी
बिना कारण देरी पर कार्रवाई की चेतावनी, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
हल्द्वानी।जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गुरुवार को तहसील परिसर एवं उपजिलाधिकारी कार्यालय हल्द्वानी का औचक निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने धारा-41 के तहत भूमि सीमांकन एवं पैमाइश से जुड़े एक वर्ष से लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को सभी लंबित प्रकरणों की तत्काल जांच कराने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अभिलेखों की जांच करते हुए कहा कि भूमि सीमांकन जैसे सामान्य मामलों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।उन्होंने बताया कि शिकायतें मिल रही हैं कि कई मामलों में रिपोर्ट प्रस्तुत करने में एक वर्ष तक का समय लगाया जा रहा है, जबकि निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि धारा-41 के तहत काश्तकार भूमि सीमांकन या पैमाइश के लिए आवेदन करता है, जिसके बाद कानूनगो और लेखपाल मौके पर जांच कर रिपोर्ट एवं नक्शा तैयार कर उपजिलाधिकारी को भेजते हैं।उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना उचित कारण देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी, तहसीलदार कुलदीप पाण्डे सहित अन्य राजस्व अधिकारी मौजूद रहे।

