भीमताल में ‘शक्ति संवाद’ कार्यशाला का आयोजन, किशोरियों को अधिकारों और सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, साइबर सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर दिया गया मार्गदर्शन
भीमताल। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, नैनीताल के अंतर्गत बाल विकास परियोजना भीमताल द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत एचडी डिग्री कॉलेज भीमताल में किशोरियों एवं बेटियों के लिए ‘शक्ति संवाद’ संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने की, जबकि जिला पंचायत सदस्य विपिन जंतवाल विशिष्ट अतिथि रहे।
कार्यशाला में किशोरियों को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, लैंगिक समानता, साइबर सुरक्षा, बाल विवाह निषेध तथा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी दी गई।विशेषज्ञों प्रो. शिल्पी बिष्ट, डॉ. नीतू, वरिष्ठ पत्रकार गीतेश त्रिपाठी, राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी मोनिका नयाल, सब इंस्पेक्टर अंजला तथा वन स्टॉप सेंटर की अधिवक्ता संगीता टाकुली ने संवादात्मक शैली में प्रतिभागियों के प्रश्नों के उत्तर दिए।जिला सेवायोजन अधिकारी प्रियंका गड़िया और उद्योग विभाग के सहायक प्रबंधक कैलाश सम्मल ने छात्राओं को उच्च शिक्षा, स्टार्टअप, उद्यमिता और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में प्रधानाचार्य डॉ. रेनू मर्तोलिया, सीडीपीओ भीमताल सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, शिक्षक एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।अंत में सभी ने बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने तथा बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव और हिंसा के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

