*चकबन्दी प्रक्रिया के अन्तर्गत ग्राम चौपाल का आयोजन।*
मा. मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार की पहल पर चकबन्दी आयुक्त के निर्देशानुसार जनपद में चकबन्दी प्रक्रिया के अन्तर्गत ग्रामों में ग्राम चौपाल का आयोजन करते हुए ग्राम के कृषकों, किसान संघ के सदस्यों, चकबन्दी समिति के अध्यक्ष/ग्राम प्रधान सहित चकबन्दी समिति के सदस्यों को आमंत्रित कर ग्राम चकबन्दी योजना सम्बन्धी शिकायतों को सुना जायेगा तथा यथासम्भव मौके पर ही समस्या के निस्तारण हेतु प्रयास किया जायेगा।
बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी श्री संजय कुमार ने बताया कि जनपद में चकबन्दी प्रक्रिया के अन्तर्गत प्रचलित सभी ग्रामों में ग्राम चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 04 अक्टूबर, 2024 को मडैयान झाऊ, मौहम्मदनगर, 05 अक्टूबर, 2024 को रफतपुर, बेरखेड़ा, 15 अक्टूबर, 2024 को दर्शनपुर, भटपुरा, 18 अक्टूबर, 2024 को मझरा, भजनपुर, 19 अक्टूबर, 2024 को सरवरनगर, गदईया नसीमगंज, 25 अक्टूबर, 2024 को रूस्तमनगर निकट छपर्रा, 05 नवम्बर, 2024 को दिबदिबा एवं 12 नवम्बर, 2024 को गुलड़िया ट्यूला में ग्राम चौपाल का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ग्राम चौपाल में जनपद की चकबन्दी इकाई से सम्बन्धित सभी अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण द्वारा ग्रामवार प्रतिभाग किया जायेगा। सभी किसान ग्राम चौपाल में अपनी समस्या एवं सुझाव प्रस्तुत कर सकते हैं, जिससे उनके ग्राम की चकबन्दी योजना समयबद्ध तरीके से पारदर्शितापूर्ण रूप से पूर्ण की जा सके तथा कृषकों को चकबन्दी योजना का लाभ प्राप्त हो सके।
उन्होंने अनुरोध किया है कि ग्राम के कृषकों, किसान संघ के सदस्यों, चकबन्दी समिति के अध्यक्ष/ग्राम प्रधान सहित चकबन्दी समिति के सदस्य ग्राम चौपाल में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव एवं ग्राम की समस्या से चकबन्दी विभाग की टीम को अवगत करा सकते हैं।

