डीएम और एसपी ने उप खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के संबंध में की बैठक
रामपुर।जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह व पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र की उपस्थिति में बृहस्पतिवार को खनिज कार्यों के सम्बन्ध में अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक सम्पन्न हुई।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि समस्त उप जिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी (पुलिस) सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी दशा में उनके क्षेत्र के अन्तर्गत उप खनिजों का अवैध परिवहन न होने पाए।जिलाधिकारी ने सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया कि किसी भी दशा में उप खनिज की ओवरलोडिंग न होने दें और जो वाहन ओवरलोडिंग में पकडे़ जाये या उनके द्वारा फर्जी नम्बर प्लेट लगाकर परिवहन किया जा रहा हो तो ऐसे मामलों में दोषियों के विरूद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराते हुए रजिस्ट्रेशन निरस्त करने की कार्यवाही सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी ने खान अधिकारी व खान निरीक्षक को निर्देश देते हुए कहा कि समस्त उप जिलाधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए उप खनिज ले जाने वाले वाहनों व उनके आवश्यक अभिलेखों की जॉच करना सुनिश्चित करें।नो एंट्री के समय उप खनिज लदे वाहनों का प्रवेश नगरीय क्षेत्र में न हो, इसका सख्ती से पालन होना चाहिए।उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड से जनपद की सीमा में आने वाले वाहनों का आईएसटीपी अवश्य चेक किया जाए।जनपद में वित्तीय वर्ष 2023-24 में 51.85 करोड़ की राजस्व प्राप्ति के सापेक्ष वित्तीय वर्ष 2024-25 में अवैध उप खनिज, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के विरुद्ध भारी जुर्माना एवं कठोर कार्यवाही के परिणामस्वरूप 131.63 करोड़ की राजस्व प्राप्ति हुई है, जोकि निर्धारित लक्ष्य का 341.89 प्रतिशत है।बैठक में अपर जिलाधिकारी वि./रा.अमरीश कुमार बिन्द, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी एवं खान अधिकारी मौजूद रहे।