एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की अध्यक्षता में महिला ऐच्छिक ब्यूरो की काउंसलिंग
9 मामलों की सुनवाई, 2 में समझौता, 4 में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश
हल्द्वानी। महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े मामलों में त्वरित जांच और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस बहुद्देशीय भवन, हल्द्वानी में महिला ऐच्छिक ब्यूरो का मासिक काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया।सत्र की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने की। उन्होंने महिला संबंधी प्रकरणों के संवेदनशील एवं निष्पक्ष निस्तारण पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
काउंसलिंग के दौरान ब्यूरो की सदस्य डॉ. नंदिता अरेकल, मनोवैज्ञानिक एवं काउंसलर डॉ. रश्मि पंत तथा अधिवक्ता एवं पूर्व बार अध्यक्ष राम सिंह बसेड़ा मौजूद रहे।महिला समाधान केंद्र हल्द्वानी की प्रभारी उप निरीक्षक सुनीता कुंवर ने कुल 9 प्रकरण ऐच्छिक ब्यूरो के समक्ष प्रस्तुत किए,जिनमें दोनों पक्षों को सुनकर समाधान का प्रयास किया गया।सुनवाई के बाद 4 मामलों में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए गए,जबकि 2 मामलों का आपसी सहमति से समझौता कराकर निस्तारण किया गया।वहीं 3 मामलों को अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय भेजा गया।नैनीताल पुलिस ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, उन्हें न्याय दिलाने और पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के लिए आगे भी संवेदनशील एवं प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

