कोसी नदी पर 190 मीटर रोप-वे निर्माण को मिली रफ्तार, ₹21.43 लाख की अवशेष धनराशि स्वीकृत
डीएम ललित मोहन रयाल ने दिए गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश
नैनीताल। ग्राम कटीमी गजार विस्गुली में कोसी नदी पर प्रस्तावित 190 मीटर स्पान रिवर क्रॉसिंग रोप-वे निर्माण कार्य को गति देने के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने ₹21.43 लाख की अवशेष धनराशि स्वीकृत कर दी है।यह राशि जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) न्यास के माध्यम से कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग, रामनगर को उपलब्ध करा दी गई है।इस परियोजना के लिए पहले ही कुल ₹85.73 लाख स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से 75 प्रतिशत यानी ₹64.29 लाख की पहली किश्त जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराया गया था।अब शेष 25 प्रतिशत धनराशि जारी होने से निर्माण कार्य को पूरा करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप करते हुए शेष कार्य उच्च गुणवत्ता और तय समयसीमा में पूरा किया जाए।रोप-वे निर्माण पूरा होने के बाद कटीमी गजार विस्गुली क्षेत्र के ग्रामीणों को वर्षभर कोसी नदी पार करने में सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।लंबे समय से इस सुविधा की मांग कर रहे क्षेत्रवासियों ने धनराशि स्वीकृत होने पर जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया।

