*एक राष्ट्र, एक चुनाव आज की सबसे बड़ी आवश्यकता: सुखविंदर*
*दीक्षित कालेज ऑफ हायर एजुकेशन में एक राष्ट्र, एक चुनाव विषय पर हुई संगोष्ठी*
*भाजयुमो के क्षेत्रीय अध्यक्ष सुखविंदर सोम बोले विश्व के कई देशों में लागू है वन नेशन, वन इलेक्शन*
रामपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सुखविंदर सोम ने कहा कि एक राष्ट्र, एक चुनाव की अवधारणा कोई राजनीतिक नहीं है, बल्कि देश की सबसे बड़ी आवश्यकता है। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में एक राष्ट्र, एक चुनाव काफी सहायक सिद्ध होगा। यह कोई पहली बार नहीं, बल्कि पूर्व में भी ऐसा हुआ है। इसके अतिरिक्त विश्व के कई देशों ने वन नेशन, वन इलेक्शन को अपनाया है।
दीक्षित कालेज ऑफ हायर एजुकेशन में एक राष्ट्र, एक चुनाव विषय पर संगोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि भाजयुमो के क्षेत्रीय अध्यक्ष सुखविंदर सोम, राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता सैनी, जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार, कालेज के संस्थापक जागेश्वर दयाल दीक्षित, प्रबंधक विकास दीक्षित व प्रबंध निदेशक विवेक दीक्षित ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने युवाओं को संबोधित करते हुए एक राष्ट्र, एक चुनाव विषय पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वन नेशन, वन इलेक्शन कानून राष्ट्र के विकास के लिए जरूरी है। यह कोई नई अवधारणा नहीं है, बल्कि इससे पहले 1951 से लेकर 1967 तक देश में चार बार लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव एक साथ कराए गए थे। लेकिन, राजनीतिक अस्थिरता के कारण इसका स्वरूप बदल गया। अब समय आ गया है कि सभी को एक मत से वन नेशन, वन इलेक्शन कानून का समर्थन करना चाहिए। इस कानून से लोकतंत्र मजबूत होगा एवं अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा की विश्व के कई देशों ने चुनावी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने के लिए एक राष्ट्र, एक चुनाव के मॉडल को अपनाया है। जर्मनी, हंगरी, इंडोनेशिया, स्वीडन, साउथ अफ्रीका जैसे देशों में वन नेशन, वन इलेक्शन कराने की परंपरा है। इस फार्मूला को अपनाकर चुनाव में होने वाले वित्तीय खर्चों में कटौती की जा सकती है। बार-बार चुनाव से होने वाले परेशानियों को भी कम किया जा सकता है। सभी को इस कानून का भरपूर समर्थन करना चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने कहा कि अब स्थिति यह है कि हर वक्त देश में चुनावी माहौल बना रहता है। कहीं न कहीं चुनावी आचार संहिता के वजह से देश की प्रगति एवं कामकाज बुरी तरीके से प्रभावित होते रहते हैं। इसके लिए आवश्यक है कि एक राष्ट्र, एक चुनाव कानून को प्रभावी तरीके से लागू किया जाए। कार्यक्रम सह संयोजक शकुंतला लोधी, पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष भटनागर, सुरेश गंगवार, जिला महामंत्री रविंद्र सिंह रवि, लाखन सिंह, पारूल अग्रवाल, अमित दिवाकर, देवेंद्र सिंह, अनुज भारद्वाज आदि उपस्थित रहे। अंत में कार्यक्रम संयोजक विकास दीक्षित ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रतिभा शुक्ला ने किया।
—————-
*वन नेशन, वन इलेक्शन से सशक्त होगा लोकतंत्र: औलख*
रामपुर। राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख कहा कि वन नेशन, वन इलेक्शन कानून लोकतंत्र को सशक्त बनाएगा। उन्होंने सरकार की मंशा, महत्व और योजना पर प्रकाश डाला। कहा कि इस कानून को लागू करने में सबके समर्थन की बहुत आवश्यकता है। यह कानून संपन्न एवं समृद्ध राष्ट्र के लिए अति आवश्यक है, जिसे जल्द से जल्द लागू किया जाना चाहिए। एक राष्ट्र, एक चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार का एक प्रभावशाली कदम है।