भदौरी गांव में मानव-वन्यजीव संघर्ष का मामला, पुलिस जांच पूर्ण
नैनीताल।तहसील अंतर्गत धारी/तल्लीताल क्षेत्र के भदौरी गांव में बीती 24 अप्रैल को एक व्यक्ति की संदिग्ध मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई,जिस पर स्थानीय ग्रामीणों द्वारा वन्यजीव हमले की आशंका व्यक्त करते हुए धरना-प्रदर्शन भी किया गया।घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर तत्काल पुलिस,वन विभाग एवं प्रशासन की टीमें पहुंचीं। क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया तथा उच्चाधिकारियों द्वारा मौके का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।मृतक के शव को पंचायतनामा की कार्यवाही के उपरांत पोस्टमार्टम हेतु सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज,हल्द्वानी भेजा गया।जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया गया।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से उल्लेखित किया गया है कि मृत्यु का कारण किसी वन्यजीव के हमले से उत्पन्न मल्टीपल इंजरी है।इस प्रकार यह पूर्णतः स्पष्ट हो गया है कि उक्त घटना मानव-वन्यजीव संघर्ष से संबंधित है तथा इसमें किसी प्रकार की आपराधिक घटना के साक्ष्य नहीं पाए गए हैं।नैनीताल पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच पूर्ण कर ली गई है।आमजन से अपील है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा प्रशासन का सहयोग बनाए रखें।






































