बुजुर्ग महिला से झपटा गया सोने का कुंडल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी ने पुलिस टीम को ₹2500 पुरस्कार देने की घोषणा की
हल्द्वानी। थाना मुखानी क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से सोने का कुंडल झपटने की घटना का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का कुंडल भी बरामद कर लिया गया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी सिटी मनोज कत्याल के पर्यवेक्षण में गठित मुखानी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।30 जुलाई को जगतपुरम कॉलोनी निवासी चम्पा देवी ने तहरीर देकर बताया था कि दो अज्ञात युवक उनकी सास के कान से सोने का कुंडल झपटकर फरार हो गए।मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मैन्युअल व तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की। शनिवार को रिलायंस मॉल के पीछे आम के बगीचे से अजय और सूरज जोशी, निवासी बिल्सी (जनपद बदायूं) को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान अजय के पास से लूटा गया सोने का कुंडल बरामद हुआ,जिसके बाद मुकदमे में बरामदगी संबंधी धाराएं भी बढ़ाई गईं। पूछताछ में दोनों ने कबाड़ बीनने का काम करने की बात स्वीकार की।एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीम को ₹2500 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की।

