डीएम ने पोंछे गरीबों के आंसू, घायल बच्ची के इलाज के लिए दिया 60 हजार का चेक
ट्विटर से लेकर कलेक्ट्रेट तक सुनी जा रही फरियाद, योगी सरकार की मंशा पर खरा उतर रहा जिला प्रशासन
आर्थिक तंगी से नहीं रुकेगा गरीबों का इलाज, डीएम ने खुद बांटे आयुष्मान कार्ड, जरूरतमंदों को दी बड़ी राहत
रामपुर। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की मंशानुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए शुरू किया गया जनता दर्शन अभियान अब सिर्फ शिकायतों के निस्तारण का मंच नहीं, बल्कि गरीबों और असहायों के लिए उम्मीद की सबसे बड़ी किरण बन गया है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने जिस संवेदनशीलता के साथ फरियादियों की पीड़ा सुनी, उसने प्रशासन के एक बेहद मानवीय और मार्मिक चेहरे को सामने ला दिया है।
पैसे के अभाव में अपनी मासूम बच्ची का इलाज कराने में बेबस एक मां को जहां 60 हजार रुपये की संजीवनी मिली, वहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर की एक गुहार पर गंभीर रूप से बीमार युवक को तत्काल आयुष्मान कार्ड थमाकर इलाज की पक्की गारंटी दी गई। जनता दर्शन में एक-एक कर फरियादियों के आंसू पोंछते हुए डीएम ने साफ संदेश दिया कि जिले में धन के अभाव में किसी भी गरीब का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा।
छत से गिरी मासूम, बेबस मां को डीएम ने दिया मदद का हाथ
जनता दर्शन के दौरान सबसे मार्मिक पल तब आया जब तहसील सदर क्षेत्र के अजीतपुर खेड़ा की रहने वाली प्रियंका जिलाधिकारी के सामने पेश हुईं। प्रियंका ने रुंधे गले से बताया कि उनकी छोटी बच्ची छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई है और जिंदगी-मौत के बीच जूझ रही है। मुरादाबाद के डीएमआर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है, लेकिन घर की आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि दवाइयों का खर्च उठाना मुश्किल हो गया है। इस दर्दनाक वाकये को सुनते ही जिलाधिकारी ने त्वरित संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने बिना कोई देरी किए चाइल्ड केयर एंड प्रोटेक्शन फंड से 60 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक प्रियंका को सौंपा और भविष्य में इलाज निर्बाध रूप से चले, इसके लिए बच्ची का आयुष्मान कार्ड भी तुरंत बनवाकर उपलब्ध कराया।
एक ट्वीट और मिल गया आयुष्मान कार्ड
प्रशासन की मुस्तैदी केवल कलेक्ट्रेट की चारदीवारी तक सीमित नहीं है। शाहबाद क्षेत्र के पट्टी फजिलाबाद निवासी कपिल ने अपनी गंभीर बीमारी और इलाज में आ रही आर्थिक परेशानी का जिक्र सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर किया था और जिलाधिकारी से मदद की गुहार लगाई थी। डीएम ने इस ट्वीट का फौरी संज्ञान लिया। जनता दर्शन के दौरान कपिल की समस्या का स्थायी समाधान करते हुए उन्हें तत्काल आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया, जिससे अब उनका मुफ़्त और बेहतर इलाज हो सकेगा।
स्वास्थ्य सुरक्षा की गारंटीः कतार में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा लाभ
योगी सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ जनता तक पहुंचाने के क्रम में, तहसील मिलक के ग्राम मोहम्मदपुर क्योरार निवासी पशुपतिनाथ और उनके बच्चों को भी जनता दर्शन में बुलाया गया। जिलाधिकारी ने अपने हाथों से उन्हें आयुष्मान कार्ड वितरित किए। इस कार्ड के मिलने से अब पशुपतिनाथ के परिवार को किसी भी गंभीर बीमारी की स्थिति में प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिल सकेगी।
इस दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन और मुख्यमंत्री जी की स्पष्ट मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के पहुंचे। जनता दर्शन के माध्यम से आमजन अपनी समस्याएं सीधे हम तक पहुंचा रहे हैं, और हमारी प्राथमिकता इनका समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण करना है। उन्होंने अन्य शिकायतों पर भी संबंधित अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






































