*मुख्य विकास अधिकारी ने किया जल शक्ति अभियान के अंतर्गत निर्माण कराये गये अमृत सरोवर का निरीक्षण*
मुख्य विकास अधिकारी श्री नंद किशोर कलाल द्वारा ग्राम पंचायत मनकरा में नैनीताल हाईवे पर स्थित जल शक्ति अभियान के अन्तर्गत निर्माण कराये गये अमृत सरोवर का निरीक्षण किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जल शक्ति अभियान के अन्तर्गत ग्राम पचांयत मनकरा में ग्राम निधि एवं मनरेगा से अमृत सरोवर का निर्माण कराया गया है। अमृत सरोवर निर्माण से पूर्व जलाशय की जल संचयन क्षमता बहुत कम थी। अमृत सरोवर निर्माण के बाद इसकी जल संचयन क्षमता 10,291 घनमीटर हो गई है। जिसका क्षेत्रफल 12100 वर्ग मीटर है। निर्माण से जलस्तर भी ऊपर आ गया है अमृत सरोवर का जलस्तर बढ़ने से खेतिहर भूमि में भी जलस्तर बढ़ा है। किसानों की उपज में जलस्तर बढ़ने से बढोत्तरी हुई है। अमृत सरोवर निर्माण से पूर्व तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा था।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये अमृत सरोवर पर तीन हट तथा एक रेस्टॉरेंट (प्रेरणा कैन्टीन) का निर्माण कराया गया है। जिससे पर्यटकों के विश्राम एवं जलपान की सुगम व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही अमृत सरोवर पर मियावाकी विधि से अमरूद का बगीचा तैयार किया जा रहा है। यह भी ग्राम पंचायत की आय में वृद्धि में सहायक होगा।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा अमृत सरोवर में नाव संचालन कराये जाने हेतु खण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने अमृत सरोवर के माध्यम से रख-रखाव, मेंटीनेंस, बोटिंग, रेस्टोरेन्ट आदि के सुगम संचालन तथा इससे ग्राम पंचायत की आय में वृद्धि किये जाने हेतु ग्राम पंचायत की बैठक में भूमि प्रबन्ध समिति के प्रस्ताव हेतु भी दिशा निर्देश दिये।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा अमृत सरोवर में वृक्षारोपण किया गया। मनकरा स्थित ग्राम पंचायत में खाली पड़ी जमीन का निरीक्षण किया गया। नैनीताल हाईवे पर ग्राम पंचायत की खाली जमीन पर शॉपिंग कॉम्पलेक्स बनाया जाना प्रस्तावित है, जिस पर मनरेगा से मिट्टी डालकर समतल किये जाने हेतु खण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया। जमीन को कब्जा मुक्त करा दिया गया है मौके पर भूमि खाली है। कॉम्पलेक्स बनने से ग्राम पंचायत की आय में वृद्धि होगी।
ग्राम पंचायत सनकरा में 2004 में निर्मित सरस हॉट जर्जर अवस्था में था जिसका जीर्णोद्धार ग्राम निधि व मनरेगा से कराये जाने हेतु खण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान खण्ड विकास अधिकारी, बिलासपुर, सहायक विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान मनकरा, एएपीओ मनरेगा तथा ग्राम पंचायत से सम्बन्धित ग्राम पंचायत अधिकारी आदि उपस्थित रहे।