सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए – डीएम
ब्लॉक प्रमुखों व खण्ड विकास अधिकारियों के साथ हुई बैठक
हरदोई। प्रधानमंत्री आवास योजना के नये निर्देशों का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाये। विकास खंडों में होर्डिंग लगवाई जाएं। पंचायत भवनों में वाल पेंटिंग करायी जाये व पम्पलेट वितरित किये जाएं। ग्राम पंचायतों में उन्मुखीकरण गोष्ठियां की जाएं।
उक्त विचार जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने ब्लॉक प्रमुखों व खण्ड विकास अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि बैठक की तिथि की जानकारी पहले दी जाये। प्रचार के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम का प्रयोग किया जाये। प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण लाभार्थी चयन-2024 रजिस्टर रखा जाये। तहसील व थाना दिवस में योजना के नये मानकों एवं चयन प्रक्रिया की जानकारी दी जाये। पात्र चयन में नियमों का पालन किया जाये। कोई अपात्र व्यक्ति का चयन न किया जाये तथा कोई पात्र छूटने न पाए।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुखों व ग्राम प्रधानों ने विभिन्न सवाल रखे जिनका सम्बंधित अधिकारियों ने जवाब दिया। प्रेमापुर के ग्राम प्रधान ने सम्पर्क मार्ग बनवाने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम प्रधानों से कहा कि ग्राम पंचायतों की बैठकें नियमित रूप से करायी जाएं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सौम्या गुरूरानी, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार आदि मौजूद रहे।